आमेर में टूरिस्ट गाइड की मौत के बाद बवाल, बाजार बंद
■ चाकूबाजी में घायल मनीष सोनी ने एसएमएस अस्पताल में तोड़ा दम, आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन
जयपुर/आमेर। आमेर में सोमवार 7 सितंबर को हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मनीष का जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार चल रहा था। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मनीष की मौत की खबर सामने आते ही टूरिस्ट गाइडों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। विरोध में आमेर के बाजार बंद रहे और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त एवं जल्द कार्रवाई की मांग की।
मावठा सरोवर पर विवाद के बाद चाकू से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार आमेर के मावठा सरोवर क्षेत्र में जीप चालक और टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद मनीष पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बाजार बंद कर सड़क पर उतरे लोग
घटना के बाद से ही टूरिस्ट गाइड और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मनीष की मौत के बाद विरोध और तेज हो गया। आमेर के बाजार बंद रहे और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आमेर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में इस तरह की घटना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
परिवार और प्रदर्शनकारियों ने रखीं सात प्रमुख मांगें
पीड़ित परिवार एवं प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और डेयरी आवंटन की मांग प्रमुख है।
इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई, मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई तथा कानून के अनुसार सख्त दंड की मांग की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने आमेर महल और आसपास के क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन चलाने वालों पर रोक लगाने, आमेर थाने के पूरे स्टाफ को हटाने तथा एसएचओ और जांच अधिकारी के निलंबन की भी मांग उठाई है। साथ ही पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मनीष सोनी की मौत के बाद आमेर में पर्यटन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत शीघ्र कार्रवाई की जाए और आमेर में पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
फोकस न्यूज़ 24×7 | जनवार्ता पर फोकस






