चिरगांव में हुआ ‘थाली एक, विचार अनेक’ कार्यक्रम का आयोजन
■ व्यापारियों ने विधायक के सामने रखीं समस्याएं, सुझावों पर जल्द समाधान का आश्वासन
चिरगांव। नगर के कनकने विवाह वाटिका में ‘थाली एक, विचार अनेक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं नगर के व्यापारियों ने सहभागिता की। इस दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र एवं व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपने सुझावों को जनप्रतिनिधियों के सामने रखा।
कार्यक्रम में विधायक राजीव सिंह परीछा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह, निर्विरोध नगर पालिका अध्यक्ष संजले राजा तथा बड़ागांव ब्लॉक प्रमुख सहित नगर के बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने बाजार एवं नगर की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने व्यापारियों की बात को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा जल्द से जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक राजीव सिंह परीछा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश में व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से व्यापारी वर्ग अपने व्यवसाय को सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी, बहन-बेटियां और आम नागरिक सुरक्षित रहें, यही सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की आर्थिक मजबूती में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। व्यापारियों का कारोबार मजबूत होगा तो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे अपने सुझाव एवं समस्याएं जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष लगातार रखते रहें, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान आए हुए अतिथियों एवं व्यापारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों एवं व्यापारियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी संवाद, सहभागिता और व्यापारियों की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी से नगर में आपसी संवाद और भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला।
रिपोर्ट — अनुराग तिवारी, पत्रकार
चिरगांव





