Spread the love

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. कृष्ण पाल सिंह की हुई नियुक्ति

 

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को आखिरकार नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने प्रो. कृष्ण पाल सिंह को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है।

प्रो. कृष्ण पाल सिंह उच्च शिक्षा प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। वह महात्मा गांधी ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के पूर्व कुलपति रह चुके हैं। वर्तमान में वह गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

शनिवार को प्रो. कृष्ण पाल सिंह को डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किए जाने की सूचना जारी होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। उनके अनुभव को देखते हुए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

गौरतलब है कि डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. पूनम टंडन का कार्यकाल 4 सितंबर को पूरा हो गया था। इसके बाद से ही नए कुलपति की नियुक्ति को लेकर विश्वविद्यालय में लगातार चर्चाएं चल रही थीं।

अब प्रो. कृष्ण पाल सिंह की नियुक्ति के साथ विश्वविद्यालय को नया नेतृत्व मिल गया है। माना जा रहा है कि उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शोध कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों को और मजबूत करने में मिलेगा।

Share.