
देवरिया जनपद के भटनी थाना क्षेत्र के केरवनिया पुल के पास बुधवार की सुबह में शराब तस्करों ने स्कार्पियो वाहन से बैरियर में टक्कर मार दी थी। जिससे ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल महानन्द यादव को गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव की ओर से मामले की जांच में थानाध्यक्ष सहित तीन पुलिस कर्मी पर महानंद यादव को निहत्थे बॉर्डर पर ड्यूटी के लिए भेजने का और साथ ही शराब तस्करी की सूचना के बाद भी बिना ब्रीफिंग के पुलिसकर्मी को भेजे जाने की लापरवाही पाया है। वहीं हेड मोहर्रिर भोरिक यादव और कार्यालय के मुंशी श्रवण कुमार ने भी सिपाही की अकेले ड्यूटी लगा दी थी। हमराही के तौर पर एक होमगार्ड को साथ लगा दिया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी संकल्प शर्मा ने थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार सहित तीनों पुलिसकर्मियों को शुक्रवार शाम को सस्पेंड कर दिया। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि जांच में थानाध्यक्ष सहित 3 पुलिसकर्मियों की लापरवाही उजागर हुई है। उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




