जालौन में सर्दी और कोहरे के बीच पुलिस का फ्लैग मार्च, आमजन को दिया सुरक्षा का भरोसा

जालौन। शीतलहर और घने कोहरे के बीच जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा आम जनता में सुरक्षा की भावना को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
फ्लैग मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाला गया। इसमें कोतवाली रोड, बिजली घर, झंडा चौराहा, तकिया मैदान और छत्रसाल रोड जैसे संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों को कवर किया गया। पुलिस बल अनुशासित तरीके से मार्च करता हुआ आगे बढ़ा, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का स्पष्ट संदेश गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने आम नागरिकों से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस 24 घंटे जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस उपाधीक्षक शैलेंद्र बाजपेई और कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने भी स्थानीय लोगों से बातचीत कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों, सर्दी के मौसम और कोहरे के चलते सतर्कता और भी बढ़ा दी गई है।
फ्लैग मार्च से नगरवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ऐसे फ्लैग मार्च से असामाजिक तत्वों में भय बना रहता है और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है।
रिपोर्ट  महेश चौधरी फोकस न्यूज 24×7  जालौन
Share.