नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र का डीएम व एसपी ने किया उद्घाटन
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण व स्वावलंबन की दिशा में प्रशासन का अहम कदम
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी
आल इंडिया पत्रकार एकता संघ
उरई (जालौन)। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर जालौन में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श एवं कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मिशन शक्ति केंद्र पुलिस एवं प्रशासन के बीच समन्वय का सशक्त माध्यम बनेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, उपजिलाधिकारी जालौन हेमंत पटेल, पुलिस उपाधीक्षक जालौन शैलेन्द्र बाजपेयी, पुलिस इंस्पेक्टर प्रेम नारायण कुशवाहा (एलआईओ), माधौगढ़ प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू, रामपुरा प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह, उरई कोतवाल हरी शंकर चंद, कोटरा प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार, एट प्रभारी निरीक्षक पंकज पाण्डेय, अतिरिक्त निरीक्षक जालौन जगदम्बा प्रसाद दुबे, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी निरीक्षक जालौन आनंद कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।




