आचार्यों को विषय में दक्ष बनाने हेतु संकुल स्तरीय बैठक आयोजित
उरई, जालौन। आचार्यों को अपने-अपने विषयों में दक्ष बनाकर उनमें प्रवीणता विकसित करने के उद्देश्य से उरई संकुल के प्रधानाचार्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झांसी रोड उरई में आयोजित की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए विद्या भारती कानपुर प्रांत के संगठन मंत्री रजनीश पाठक ने बताया कि आगामी समय में विषय-संबंधित आचार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, जिससे आचार्यों में नवीनता आए और शिक्षण कार्य और अधिक प्रभावी हो सके।
बैठक को पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं नेपाल के सेवा विभाग संयोजक योगेश सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने आचार्यों को सेवा भाव के साथ शिक्षण कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर संकुल प्रमुख अतुल बाजपेयी, सरस्वती विद्या मंदिर कोच, एट, राजेन्द्र नगर उरई तथा वालिका विद्या मंदिर कोच, उरई के प्रधानाचार्य सहित संकुल के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं आचार्यगण उपस्थित रहे।






