Spread the love

नावां सिटी रेलवे स्टेशन को मिली बड़ी सौगात, मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

■ राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

नावां शहर (नागौर)। गणतंत्र दिवस से ठीक पहले नावां सिटी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार पल सामने आया, जब वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव स्थानीय रेलवे स्टेशन पर औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस फैसले से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे जनआंदोलन व सामूहिक प्रयासों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रात्रि लगभग 11:30 बजे जैसे ही मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस नावां सिटी रेलवे स्टेशन पर रुकी, स्टेशन परिसर देशभक्ति के नारों, तालियों और उत्साहपूर्ण जयघोष से गूंज उठा। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने पहुंचे।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार में राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। क्षेत्रवासियों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत कर आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में रेल महा आंदोलन के प्रमुख प्रेरणास्रोत समाजसेवी मनोज गंगवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी, पार्टी पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही ट्रेन के लोको पायलट, गार्ड एवं अन्य रेलवे कर्मचारियों का भी माला, साफा और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। लोगों का मानना है कि मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से नावां सिटी और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, व्यापार, रोजगार और आवागमन को नई रफ्तार मिलेगी।
रेल यातायात रहेगा प्रभावित, जोधपुर–हिसार ट्रेन अस्थायी रूप से चूरू तक सीमित
चूरू-सादुलपुर रेलखंड के हडयाल स्टेशन पर सब-वे निर्माण कार्य के चलते रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में इस मार्ग पर रेल संचालन प्रभावित रहेगा।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार,
गाड़ी संख्या 14891 जोधपुर–हिसार रेल सेवा 27 जनवरी से 8 फरवरी तक केवल जोधपुर से चूरू तक संचालित होगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14892 हिसार–जोधपुर रेल सेवा 28 जनवरी से 9 फरवरी तक हिसार के बजाय चूरू से प्रस्थान करेगी।
इस दौरान हिसार–चूरू के बीच दोनों रेल सेवाएं आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लेने की अपील की है।

Share.