साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी सफलता, 121 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपे
■ करीब 18 लाख 15 हजार रुपये कीमत के मोबाइल खोजकर लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
उरई (जालौन)। जनपद जालौन में साइबर क्राइम पुलिस ने एक सराहनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 121 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने पर पीड़ित नागरिकों ने राहत की सांस ली और पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
यह कार्रवाई थाना साइबर क्राइम जालौन एवं जनपद के विभिन्न थानों पर गठित साइबर पुलिस टीमों के संयुक्त प्रयास से की गई। गुमशुदा मोबाइल फोन को तकनीकी संसाधनों और सतर्क निगरानी के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से ट्रेस कर बरामद किया गया।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार मौर्या सहित साइबर टीम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मोबाइल स्वामियों को उनके फोन विधिवत सुपुर्द किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत देना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आमजन की जागरूकता और समय पर दी गई सूचना के चलते साइबर पुलिस को यह सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
साइबर क्राइम पुलिस की इस पहल से न सिर्फ लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत हुआ है, बल्कि यह संदेश भी गया है कि आधुनिक तकनीक के जरिए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।





