संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती समथर में धूमधाम से मनाई गई
झांसी। मोठ तहसील के कस्बा समथर में संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा डीजे, बैंड-बाजे और घोड़ों के साथ बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित की गई।
शोभायात्रा अग्गा बाजार से प्रारंभ होकर मेवाती चौराहा, कटरा बाजार सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई। यात्रा में पुरुषों ने सिर पर पगड़ी, गले में फूलों की माला धारण की हुई थी, वहीं महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी बड़ी संख्या में पैदल शामिल रहे।
शोभायात्रा में सजी-धजी झांकियां, ट्रैक्टर, हंस मोटर आकर्षण का केंद्र रहीं। हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे श्रद्धालु संत शिरोमणि गुरु रविदास जी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के संदेशों का प्रसार करते दिखाई दिए। शोभायात्रा में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा भी प्रमुख रूप से सम्मिलित रही।
बताया गया कि संत गुरु रविदास जी का जन्म काशी के सीर गोवर्धन में हुआ था। उन्होंने समाज को प्रेम, समानता और समरसता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्ष समथर सहित पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
रिपोर्ट – जहूर अहमद खान
संवाददाता, मोठ






