मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 97 जोड़ों का विवाह सम्पन्न
देवरिया, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद देवरिया में सोमवार को ओम मैरेज हॉल, मेन रोड तरकुलवा (हीरो एजेंसी के निकट) में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 97 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया, जिनमें 83 हिन्दू एवं 14 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्य प्रताप शाही, कैबिनेट मंत्री (कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार) रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, भाजपा महामंत्री रविन्द्र कौशल, राजू भारती, श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव, ब्लॉक प्रमुख तरकुलवा रामआशीष गुप्ता, गन्ना विकास समिति चेयरमैन अवधेश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष हेतिमपुर वीरेंद्र यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष तरकुलवा जनार्दन कुशवाहा, पूर्व क्षेत्रीय मंत्री जितेंद्र प्रताप राव, समाजसेवी संजय सिंह सहित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं संबंधित खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये व्यय का प्रावधान है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि अगला सामूहिक विवाह कार्यक्रम 04 फरवरी 2026 को प्रिंस पैलेस, कोटवा चौराहा, कसया रोड, देवरिया में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 95 जोड़ों का विवाह प्रस्तावित है। इसमें विकास खंड भटनी के 26, रामपुर कारखाना के 54, नगर पंचायत रामपुर कारखाना के 09 तथा बरियारपुर के 06 जोड़े शामिल होंगे।
समाज कल्याण विभाग द्वारा इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।






