जालौन नगर में ईद का त्यौहार अमन-चैन और भाईचारे के साथ संपन्न
जालौन। नगर में ईद का पावन पर्व इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास, शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
आपको बता दें कि नगर के अंदर कुल 17 मस्जिदों और 17 ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान बुजुर्गों के साथ-साथ बच्चों और युवाओं की भी बड़ी संख्या देखने को मिली। सभी ने एक साथ मिलकर देश और समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआएं मांगीं।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे नगर में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत नजारा देखने को मिला। घर-घर में सेवइयों और मिठाइयों की खुशबू फैल गई, जिससे त्यौहार का उल्लास और भी बढ़ गया।
इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर एसडीएम हेमंत पटेल और सीओ शैलेंद्र बाजपेई सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से ईद का यह पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसने जालौन नगर में सामाजिक एकता और सौहार्द की मिसाल पेश की।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, जालौन





