रफ्तार का कहर! चुंगी नंबर 4 पर आधी रात भीषण हादसा, पुलिस के सराहनीय कार्य से बची घायलों की जान
जालौन। नगर के चुंगी नंबर 4 पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सराहनीय कार्य करते हुए पुलिस कर्मियों ने बिना देर किए अपनी गाड़ी से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लोगों ने पुलिस की तत्परता और मानवता भरे कार्य की जमकर सराहना की।
बताया जा रहा है कि हादसा करीब रात्रि 12 बजकर 30 मिनट पर हुआ। दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान सोनू खान, मुस्कान पत्नी समीर तथा समीर पुत्र रफीक निवासी ग्राम मुस्मरिया के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं, जिसके चलते टक्कर बेहद भयावह हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट फोकस न्यूज 24 x 7 जालौन





