पूर्व विधायक काली प्रसाद बने भाजपा देवरिया के जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
देवरिया। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सलेमपुर के पूर्व विधायक काली प्रसाद को देवरिया जनपद का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा घोषित नई सूची में काली प्रसाद को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
काली प्रसाद भाजपा के वरिष्ठ एवं जमीनी स्तर से जुड़े नेता माने जाते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में की थी और बाद में भागलपुर ब्लॉक प्रमुख का दायित्व भी संभाला। वर्ष 2017 से 2022 तक वह सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रहे। संगठन और जनसेवा में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।
जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया है कि काली प्रसाद के नेतृत्व में भाजपा देवरिया संगठन को नई मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों में पार्टी को लाभ होगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
फोकस न्यूज़ 24×7 से अख्तर अली की रिपोर्ट




