नमस्कार, आप देख रहे हैं Focus News 24×7, मैं हूँ विनय कुमार।
जोल्हूपुर मोड़ ओवरब्रिज निर्माण पर मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
जालौन के कालपी तहसील क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब प्रभावित ग्रामीणों ने कम मुआवजा दिए जाने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा और मूलभूत सुविधाओं की मांग की है।
शनिवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष निर्माण स्थल पर पहुंच गए और मशीनों को रोकने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया, लेकिन प्रभावित परिवार अपनी मांगों पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि लगभग 13 परिवार इस परियोजना से प्रभावित हैं और कई मकान पूरी या आंशिक रूप से हटाए जाएंगे। कुछ लोगों ने मुआवजे के चेक स्वीकार कर लिए, जबकि कई परिवारों ने कम राशि बताते हुए चेक लेने से इनकार कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सर्विस रोड, नाली, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि बरसात में जलभराव और ओवरब्रिज बनने के बाद आवागमन की समस्या बढ़ सकती है।
एसडीएम ने ग्रामीणों को बताया कि मुआवजा गठित टीम की रिपोर्ट के आधार पर तय किया गया है। यदि कोई इससे असंतुष्ट है तो वह न्यायालय की शरण ले सकता है, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रोका जाएगा।
ग्राम प्रधान ने भी ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रभावित परिवार सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा चाहते हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि निर्माण के दौरान लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
फिलहाल निर्माण कार्य जारी है, जबकि प्रभावित परिवार उचित मुआवजे और मूलभूत सुविधाओं की मांग पर अड़े हुए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन दोबारा वार्ता करता है या यह मामला न्यायालय तक पहुंचता है।
कैमरामैन के साथ रिपोर्टर: महेश चौधरी, जालौन की रिपोर्ट
Focus News 24×7





