जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज उरई का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे पूछी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत
उरई (जालौन)। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, विभिन्न वार्डों तथा पूछताछ केंद्र का निरीक्षण कर स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए, अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखी जाए तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।





