आगामी त्योहारों को लेकर जालौन पुलिस अलर्ट, एसपी सुरेश चन्द्र रावत ने पुलिस बल के साथ उरई में किया पैदल गश्त
■ सर्राफा बाजार, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, व्यापारियों एवं आमजन को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
उरई (जालौन)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जालौन पुलिस सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी नगर राजीव शर्मा, कोतवाली उरई प्रभारी आनंद कुमार सिंह तथा पुलिस बल के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त की।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उरई के प्रमुख मार्गों, सर्राफा बाजार, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अन्य अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
जालौन पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिससे नागरिक सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने त्योहार मना सकें।
Focus News 24×7 | उरई, जालौन





