यूपी पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी, तीन साल से तैनात पुलिसकर्मियों का होगा तबादला!
♤ DGP मुख्यालय ने सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट से मांगा पुलिसकर्मियों का ब्योरा, सिपाही से एडिशनल एसपी तक करीब 2 हजार कर्मियों की तबादला सूची तैयार होने के संकेत
लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी की जा रही है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर इसकी कवायद तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, डीजीपी मुख्यालय ने प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नरेट और जनपदों से लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों का ब्योरा मांगा है। इसमें तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात पुलिसकर्मियों को हटाने की तैयारी की जा रही है।
संभावित तबादला सूची में 20 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल होने की चर्चा है। वहीं सिपाही से लेकर एडिशनल एसपी स्तर तक करीब दो हजार पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी प्रस्तावित बताई जा रही है।
गृह जिले में तैनात पुलिसकर्मी भी होंगे प्रभावित
तबादला प्रक्रिया में उन पुलिसकर्मियों को भी शामिल किए जाने की तैयारी है, जो अपने गृह जिले में तैनात हैं। इसके अलावा जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ विशिष्ट शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन्हें भी वर्तमान तैनाती स्थल से हटाने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।






