यातायात नियमों का पालन कर जीवन को सुरक्षित रखें : टीआई वीरबहादुर सिंह
■ 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन चलाने पर 25 हजार रुपये जुर्माना और वाहन स्वामी को हो सकती है जेल : ओमप्रकाश उदैनियां
उरई (जालौन)। यातायात माह नवंबर के अंतर्गत कोच स्थित पं. रामस्वरूप रावत इंटर कॉलेज, एट रोड में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यातायात निरीक्षक वीरबहादुर सिंह उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश उदैनियां ने की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अशोक कुमार शर्मा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर यातायात निरीक्षक वीरबहादुर सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी सुरक्षा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। ऐसा करने पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना और वाहन स्वामी को जेल की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। साथ ही हाईवे पर निर्धारित गति सीमा में अपनी लेन में चलने और सावधानीपूर्वक ओवरटेक करने की सलाह दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ओमप्रकाश उदैनियां ने कहा कि जीवन बहुमूल्य है। थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी भर का दर्द दे सकती है। इसलिए स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर विद्यालय के सह प्रबंधक अमरेन्द्र दुबे, प्रधानाचार्य डॉ. बृजेन्द्र झां, उप प्रधानाचार्य सचिन झां सहित अन्य गणमान्य लोग मंचासीन रहे। विद्यालय स्टाफ से कंप्यूटर शिक्षक अमित तिवारी, वरिष्ठ लिपिक पुनीत निरंजन, प्रवक्ता साहब सिंह यादव सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यातायात विभाग की ओर से मुख्य आरक्षी अजीत यादव एवं करन सिंह भी मौजूद रहे।
गोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।






