दुर्घटनाओं के तीन प्रमुख कारण नशा, नींद और तेज रफ्तार : टीआई वीरबहादुर सिंह
■ यातायात नियमों का स्वयं पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें : ओमप्रकाश उदैनियां
उरई (जालौन)। यातायात माह नवंबर के अंतर्गत हरदोई इंटर कॉलेज, हरदोई में यातायात जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात निरीक्षक वीरबहादुर सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश उदैनियां ने की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक राजीव नारायण मिश्रा ने किया। मंच पर प्रबंध समिति के प्रबंधक उमेश चंद चचोंदिया एवं प्रधानाचार्य वीर सिंह चौहान उपस्थित रहे।
गोष्ठी का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने यातायात नियमों पर आधारित गीत प्रस्तुत कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि यातायात निरीक्षक वीरबहादुर सिंह ने कहा कि नवंबर माह को यातायात जागरूकता अभियान के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी समय सर्दी, कोहरा और धुंध शुरू होने लगती है। ऐसे मौसम में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों, गांवों और कस्बों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के तीन प्रमुख कारण नशा, नींद और तेज रफ्तार हैं। वाहन चालकों को इन तीनों पर नियंत्रण रखना चाहिए। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, थकान या नींद आने पर वाहन रोककर विश्राम करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ओमप्रकाश उदैनियां ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का स्वयं भी सख्ती से पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रबंधक उमेश चंद चचोंदिया एवं प्रधानाचार्य वीर सिंह चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से विष्णुकांत दीक्षित, रामजी गुर्जर, श्यामबहादुर सिंह, रामरतन सहित यातायात विभाग के मुख्य आरक्षी अजीत यादव, करन सिंह एवं एचपी आरक्षी आराम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






