पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने शुक्रवार परेड की सलामी लेकर किया निरीक्षण, जवानों को दिए सतर्कता के निर्देश
उरई, जालौन। पुलिस लाइन उरई में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चंद्र रावत ने परेड की सलामी ग्रहण कर पुलिसकर्मियों का निरीक्षण किया। जवानों की शारीरिक फिटनेस और अनुशासन को परखने के लिए एसपी ने स्वयं पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाई तथा टोलीवार ड्रिल कराई। उन्होंने जवानों के बेहतर टर्नआउट की सराहना करते हुए सभी को सदैव सतर्क और अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 (पीआरवी) वाहनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली, रिस्पॉन्स टाइम, जीपीएस, हूटर, लाइट और दंगा नियंत्रण उपकरणों की जांच की। साथ ही पीआरवी कर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन सुरक्षित रखने और घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों की सहायता करने तथा आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके उपरांत एसपी ने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, बैरकों, कैंटीन और पुलिस मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और पुलिसकर्मियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अर्दली रूम में अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कमल, प्रतिसार निरीक्षक पवन कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जन वार्ता पर फोकस न्यूज़ 24×7





