स्वतंत्रता सेनानी भागवत भगत की मूर्ति तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, बंगरा बाजार में स्थिति सामान्य

बंगरा बाजार, देवरिया। बंगरा बाजार क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय भागवत भगत खजड़ी वाले की स्थापित मूर्ति को असामाजिक तत्व द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खामपार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मूर्ति तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अमोद सिंह, निवासी पिपरा बघेल के रूप में हुई है। आरोपी पर क्षेत्र का माहौल खराब करने और स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा को तोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए चालान कर जेल भेज दिया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा विवाद
घटना की सूचना मिलते ही खामपार थाना अध्यक्ष श्री प्रदीप अस्थाना स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में फैल सकता बड़ा विवाद समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
नेताओं की मौजूदगी, शांति की अपील
घटना के बाद मौके पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक श्री सभा कुंवर, अन्य भाजपा कार्यकर्ता तथा समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक श्री आशुतोष उपाध्याय भी पहुंचे। सभी नेताओं ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की और प्रशासन से मांग की कि आरोपी अमोद सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का घिनौना कृत्य करने का साहस न कर सके।
दोनों पक्षों के नेताओं और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से बंगरा बाजार क्षेत्र में माहौल पूरी तरह शांत हो गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बंगरा बाजार से अख्तर अली की रिपोर्ट
फोकस न्यूज़ 24×7

Share.