मोठ में किसानों का आक्रोश: एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण द्वारा भूमि अधिग्रहण के विरोध में सौ से अधिक किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
मोठ (झांसी)। मोठ तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान उस समय किसानों का आक्रोश सामने आ गया, जब भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले एक सैकड़ा से अधिक किसानों ने उप जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
किसानों का कहना है कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा जिस भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है, वही भूमि उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन है। इसी जमीन से उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और घर का खर्च चलता है। यदि यह जमीन उनसे छीन ली गई तो किसान परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
“जमीन गई तो सड़क पर आ जाएंगे”
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि वे किसी भी हालत में अपनी कृषि भूमि का अधिग्रहण नहीं होने देंगे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे अपना आंदोलन तेज करते हुए झांसी से लेकर लखनऊ तक प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
एसडीएम ने दिया आश्वासन
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी महोदय ने किसानों की समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी बात उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।
एक दर्जन गांवों के किसान रहे मौजूद
इस मौके पर बारहटा, पूरा चिरगांव, देवरी, करगावा, बैरल, नंदसिया, मुसवली, देवरा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी किसानों ने एकजुट होकर अपनी जमीन बचाने का संकल्प दोहराया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है, वहीं किसानों के रुख से आने वाले दिनों में आंदोलन तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
मोठ से संवाददाता: जहूर अहमद खान
फोकस न्यूज़ 24×7






