माता राजदुलारी इंटर कॉलेज सिकंदरा में छात्रों को नए कानूनों की दी गई जानकारी

■ थाना अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे बोले कानून की जानकारी हर नागरिक के जीवन का जरूरी हिस्सा

पूंछ झांसी माता राजदुलारी इंटर कॉलेज, सिकंदरा में शुक्रवार को विधिक जागरूकता एवं सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए कानूनों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध तथा नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर थाना अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश पांडे, एस.आई. संजीव दीक्षित, कांस्टेबल नाजिम खान, कांस्टेबल राघवेन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल अनीशा राजपूत एवं महिला कांस्टेबल समता सिंह उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा
कानून की जानकारी रखना हर नागरिक के लिए आवश्यक है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझेगा, तभी कानून व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधों में कमी आएगी।”
उन्होंने छात्रों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एक सौ बारह नंबर पर संपर्क करें। साथ ही महिला सुरक्षा हेतु दस नब्बे व एक सौ इक्यासी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम पर विशेष जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला कांस्टेबल अनीशा राजपूत एवं समता सिंह ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है। किसी भी असामाजिक गतिविधि या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
थाना अध्यक्ष श्री पांडे ने आगे कहा कि कानून समाज में संतुलन बनाए रखने का माध्यम है। विद्यार्थियों को इसे समझने और सम्मान देने की आदत डालनी चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार राजपूत ने पुलिस टीम का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया
विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य मानवेंद्र सिंह राजपूत, प्रवक्ता रघुवीर सिंह, मनोज कुमार, गोविन्द सिंह, सुनील कुमार (प्रवक्ता भौतिकी), कोमल वर्मा, मलखान सिंह, मिथलेश, अनीश खां, सचिन कुमार और रामराजा राजपूत सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कानून व सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की और समाज में विधिक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

पंडित विवेक तिवारी पूंछ की रिपोर्ट

Share.