पीड़िताओं की सुरक्षा में लापरवाही अक्षम्य – श्रीमती शैलजा मिश्रा

देवरिया से रिपोर्ट
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण माननीय जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सचिव, सिविल जज (सी.डी.) श्रीमती शैलजा मिश्रा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समाज से भी अपील की कि वह महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।

इस दौरान सचिव ने केंद्र में मौजूद पीड़िताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी दी। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में फ्रंट और साइड कैमरे कार्य नहीं कर रहे थे। इस गंभीर लापरवाही पर उन्होंने केंद्र प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
साथ ही, केंद्र प्रबंधक नीतु भारती को निर्देशित किया गया कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उनके मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय भेजा जाए।

Share.