कारस देव बाबा धाम पर धार्मिक आयोजनों की धूम, झांकी व शोभायात्रा ने मोहा मन

मोठ (झांसी)। मोठ तहसील क्षेत्र के ग्राम बम्हरौली स्थित श्री कारस देव बाबा धाम पर गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। बाबा कारस देव के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धाम पर उमड़ पड़ी और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम की भव्य शुरुआत बाबा कारस देव की आकर्षक झांकी एवं शोभायात्रा के साथ हुई। सुसज्जित रथ पर विराजमान बाबा की मनोहारी झांकी जब पूरे गांव में भ्रमण के लिए निकली, तो श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही, जो भ्रमण के पश्चात मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पंडितों के मंत्रोच्चारण, धूप-दीप और आरती से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
देर रात्रि तक नगर एवं आसपास की गोटिया टीमों द्वारा पारंपरिक बुंदेली शैली में गोटें गायन प्रस्तुत किया गया। लोकसंस्कृति से ओत-प्रोत इन प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक दिखाई। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति एवं लोकसंगीत का आनंद लेते रहे।
संध्या के समय विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का अनुपम दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर भगत लक्ष्मण दास त्यागी, राजस्थान से पधारे कुशल पाल सिंह यादव, इंद्रपाल सिंह, प्रेम नारायण, संतोष गोटिया, गया प्रसाद पुजारी, मंगल सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन इंद्रपाल सिंह ने किया, जबकि आभार व्यक्त करने का दायित्व प्रेम नारायण ने निभाया।
श्रद्धालुओं ने आयोजकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और आपसी एकता को मजबूत करते हैं।
—मोठ से संवाददाता जहूर अहमद खान की रिपोर्ट

Share.