कड़ाके की ठंड के बीच देवरिया में सी-टेट परीक्षा, हजारों परीक्षार्थियों ने लिया हिस्सा

देवरिया। आज कड़ाके की ठंड के बावजूद परीक्षार्थियों का हौसला कम नहीं हुआ। सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचते नजर आए। देवरिया जनपद के उमा नगर स्थित पी.एन. एकेडमी में आयोजित सी-टेट परीक्षा में हजारों परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
सी-टेट की यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को उनके निर्धारित रोल नंबर के अनुसार क्रमबद्ध तरीके से प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थी अपनी बारी का इंतजार करते हुए अनुशासन के साथ कतार में खड़े दिखाई दिए और बारी-बारी से विद्यालय परिसर के अंदर प्रवेश करते रहे।
परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई, वहीं परीक्षा कक्षों में शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। ठंड के मौसम को देखते हुए भी प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।
परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं रही और समय पर परीक्षा शुरू कराई गई। कुल मिलाकर, पी.एन. एकेडमी परीक्षा केंद्र पर सी-टेट परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न होती नजर आई।

Share.