महूटा पुलिया के पास सड़क हादसा, बाइक सवार को वैगनआर ने मारी टक्कर
रामपुरा, जालौन। जगम्मनपुर से त्रियोदशी का भोज खाकर वापस लौट रहे लोगों की वैगनआर कार और बाइक की टक्कर में कई लोग घायल हो गए। हादसा महूटा पुलिया के पास हुआ, जहां बताया जा रहा है कि वैगनआर ने बाइक सवार साजिद को पीछे से टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार वैगनआर कार संख्या UP 92 AU 2838 में आलोक कुमार, अनुज कुमार, सुनील कुमार और संगीता देवी सवार थे। सभी जगम्मनपुर में संतोष कुमार के यहां आयोजित त्रियोदशी के भोज में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही PRV 8355 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया।
सीएचसी में डॉ. गोपाल जी द्विवेदी ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद अनुज कुमार और आलोक कुमार को छोड़कर अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार कार चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
रिपोर्ट — महेश चौधरी, जालौन






