Spread the love

राजकीय इंटर कॉलेज साकिन में अभिभावक संघ की बैठक संपन्न, स्कूल की समस्याओं पर हुई चर्चा

मोठ। ग्राम पंचायत साकिन स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में एसएमडीसी एवं अभिभावक संघ की बैठक प्रधानाचार्य संजीव कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रधानाचार्य ने बैठक का एजेंडा पढ़कर सुनाया और विद्यालय के विकास को लेकर अभिभावकों से सुझाव मांगे।

बैठक में अभिभावकों ने विद्यालय तक जाने वाले रास्ते पर ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह कचरा और गोबर डालने की समस्या उठाई। उनका कहना था कि इससे बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है तथा दुर्गंध के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। अभिभावकों ने कचरा डालने के लिए अलग स्थान निर्धारित किए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर एसडीएम मोठ एवं ग्राम प्रधान साकिन से पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।

अभिभावकों ने खुजा-साकिन मार्ग को राजकीय इंटर कॉलेज से जोड़ने तथा मार्ग पर आरसीसी डलवाने का सुझाव भी दिया, ताकि विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी न हो। विद्यालय के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग भी रखी गई।

बैठक में विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अभिभावकों ने कहा कि वर्तमान में विद्यालय में नियमित शिक्षकों की संख्या कम होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में प्रधानाचार्य संजीव कुमार अग्रवाल, संजीव कुशवाहा एवं अरुण कुमार सहित शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि कुछ निजी शिक्षक भी सहयोग कर रहे हैं। अभिभावकों ने विशेष रूप से कक्षा 11वीं और 12वीं में गणित विषय के शिक्षक की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर संजीव कुशवाहा ने अभिभावकों से विद्यालय से निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें और विद्यालय में किसी प्रकार की समस्या होने पर शिक्षकों से संपर्क करें। आवश्यकता पड़ने पर लिखित आवेदन भी दिया जा सकता है।

बैठक में विद्यालय के शिक्षक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

मोठ से संवाददाता जहूर अहमद खान की रिपोर्ट।

बैठक में उठी 8 प्रमुख मांगें

  1. विद्यालय जाने वाले रास्ते से कचरा और गोबर हटवाया जाए।
  2. ग्रामीणों के लिए कचरा डालने का निर्धारित स्थान बनाया जाए।
  3. खुजा-साकिन मार्ग को विद्यालय से जोड़कर आरसीसी सड़क बनवाई जाए।
  4. विद्यालय के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
  5. विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
  6. कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए गणित विषय के शिक्षक की व्यवस्था की जाए।
  7. विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान हो।
  8. अभिभावक और विद्यालय के बीच नियमित संवाद बनाए रखते हुए विद्यार्थियों की पढ़ाई की निगरानी की जाए।
Share.