ससुराल में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
जालौन। झांसी के साकिन गांव निवासी 30 वर्षीय अनीस खान पुत्र जमील खान की गुरुवार रात अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर विवाद के बाद अनीस को कुछ जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिजनों के मुताबिक अनीस अपने पिता जमील खान और भाभी शबाना के साथ अपनी ससुराल गया था। बताया गया कि उसकी पत्नी मुस्कान के जेवरात उसकी माई सास राबिया के पास थे। जेवर वापस लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति भी बनी, लेकिन रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
रात अधिक होने के कारण रिश्तेदारों ने अनीस और उसके परिजनों को वहीं रुकने तथा सुबह बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद अनीस की माई सास उसे अपने घर ले गई। आरोप है कि खाना-पीना कराने के बाद उसे वहीं सोने के लिए बिस्तर दिया गया।
परिजनों के अनुसार सुबह अनीस की हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाने की बात कही गई, जिसके बाद परिवार को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से अनीस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनीस की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि अनीस की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और उसके दो नाबालिग बच्चे हैं।
बाइट — मृतक का भतीजा
रिपोर्ट — महेश चौधरी, जालौन






