पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की अध्यक्षता में चिरगांव थाने में संपन्न हुआ थाना दिवस
चिरगांव। रिपोर्ट–अनुराग तिवारी, पत्रकार।
शनिवार को चिरगांव थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। थाना दिवस में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की अध्यक्षता में अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी बलराज शाही ने थाना दिवस में पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुना। वहीं थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने प्राप्त शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित उपनिरीक्षकों एवं लेखपालों को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
थाना दिवस में नगर के व्यापारियों, आम नागरिकों और पीड़ित लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों द्वारा उनकी बात गंभीरता से सुने जाने और त्वरित कार्रवाई का भरोसा मिलने पर फरियादियों में संतोष दिखाई दिया।
इस दौरान कुछ मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई, जिसके माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का निस्तारण कराने का प्रयास किया गया। वहीं अन्य शिकायतों में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थाना दिवस का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों तक सीधे पहुंचाना तथा शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से समाधान कराना रहा। अधिकारियों ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़ेगा।
रिपोर्ट– अनुराग तिवारी, पत्रकार





