गुड़गांव काम करने गया 18 वर्षीय युवक लापता, भाई ने जताई अनहोनी की आशंका
जालौन। थाना जालौन क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा निवासी 18 वर्षीय युवक गोलू पुत्र स्व. राजेन्द्र के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के भाई रजनीकान्त ने क्षेत्राधिकारी जालौन को प्रार्थना पत्र देकर अपने भाई की तलाश कराए जाने तथा मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में रजनीकान्त ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को जितेन्द्र कुमार उर्फ छोटे राजा पुत्र राजेश सिंह निवासी छानी सिरसा, थाना सिरसा कलार, गोलू को अपने साथ गुड़गांव के सेक्टर-59 में छोले-भटूरे एवं पूड़ी-सब्जी का काम कराने के लिए ले गया था। गोलू अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गया था।
परिजनों के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 को गोलू से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिजनों का उससे संपर्क टूट गया। काफी प्रयास के बावजूद जब गोलू से संपर्क नहीं हो सका तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
रजनीकान्त का कहना है कि उसने 28 अगस्त को जितेन्द्र कुमार से फोन पर बात कर गोलू को रक्षाबंधन के त्योहार पर घर वापस लाने के लिए कहा था। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति अकेले ही घर वापस आया, जबकि गोलू उसके साथ नहीं था। परिजनों को गोलू के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई।
काफी समय बीत जाने के बाद भी युवक का पता नहीं चलने से परिवार परेशान है। भाई ने सीओ जालौन से मामले को गंभीरता से लेते हुए गोलू की तलाश कराने और पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
परिजनों ने युवक के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।





