राष्ट्रीय एकता दिवस पर पूंछ थाना में मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती

■ रन फॉर यूनिटी में पुलिस बल, स्कूली बच्चे और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

पूंछ (झांसी)। थाना पूंछ परिसर में शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय ने की।

इस अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” (Run for Unity) का आयोजन किया गया, जिसमें थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस बल, क्षेत्र के सम्मानित नागरिक, पत्रकार बंधु एवं कस्बे के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता का संदेश देते हुए दौड़ लगाई।

कार्यक्रम में आयोजित 500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कुल 16 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में
🏅 प्रथम स्थान – बांके राम तिवारी
🥈 द्वितीय स्थान – कृष्णकांत
🥉 तृतीय स्थान – अंकुश ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित पुलिस बल एवं नागरिकों को सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और एकता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

समापन पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में थाना स्टाफ के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और पत्रकार बंधुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

(संवाददाता – पंडित विवेक तिवारी’, पूंछ झांसी)

Share.