Spread the love

श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनाए गए 80 आयुष्मान कार्ड

■ उसरा बाजार और रुद्रपुर में आयोजित हुए शिविर, 130 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

देवरिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष्मान कार्ड शिविरों का आयोजन किया गया। श्रम विभाग और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

उसरा बाजार में आयोजित श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 130 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देने के साथ विभिन्न जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिकों को स्वस्थ रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के संबंध में भी जानकारी दी।

वहीं, सीएचसी रुद्रपुर में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविर में श्रमिकों एवं पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ने की कार्रवाई की गई। शिविर के दौरान कुल 80 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। विभागीय समन्वय के माध्यम से पात्र श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Share.