उरई । मंगलवार शाम को घर के बाहर खेल रही 5 साल की मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई। बुधवार सुबह तकरीबन 3 बजे मासूम का शव पुरानी अस्पताल के पीछे झाड़ियों में मृत मिला। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामला माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सिरसा दो गढ़ी गांव का है। जहां के रहने वाले अश्विनी कुमार दुबे की 5 वर्षीय पुत्री सोहनी मंगलवार शाम को घर के बाहर खेल रही थी। लगभग 5 बजे के करीब वह खेलते-खेलते घर से अचानक गायब हो गई। बच्ची के गायब होने पर परिजनों ने उसे खोजने का प्रयास किया मगर बच्ची का कहीं भी पता नहीं चला।

परिजनों ने पुलिस को इस बारे में अवगत कराया। गुम हो जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी। बुधवार सुबह 3 बजे के करीब यूपी 112 को सूचना मिली कि पुराने अस्पताल के पीछे झाड़ियों में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही 112 के साथ माधौगढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने सोहनी के शव को बरामद किया। शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मासूम बच्ची के शव को देख उनके होश उड़ गया।पुलिस अधीक्षक ईरज राजा भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम की मदद से हर पहलुओं की जांच की। साथ ही मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Share.