जल ज्ञान यात्रा का किया गया शुभारंभ
■स्कूली बच्चों को गौरीबाजार विकासखंड की लक्ष्मीपुर ग्रामीण पेयजल योजना का कराया गया भ्रमण
देवरिया मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय और बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर जल ज्ञान यात्रा का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से किया।
नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की पहल से जल ज्ञान यात्रा का पहली बार आयोजन किया गया।
जिसमें बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल के बच्चों ने भाग लिया। उनको जल संरक्षण की जानकारी देने के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना की जानकारी दी गई।
उनको ग्रामीणों के घरों तक लगाए जा रहे नल कनेक्शन और प्रदान किये जा रहे स्वच्छ जल के बारे में बताया गया। उनको ग्राम्य पेयजल योजना का भ्रमण कराने के साथ ही जल गुणवत्ता की जांच के फायदे भी गिनाए गये।
कार्यक्रम में रुद्रपुर विधायक जय प्रकाश निषाद ने स्कूली बच्चों को हर घर जल योजना के लाभ बताए। स्कूली बच्चों को गौरीबाजार विकासखंड के लक्ष्मीपुर गांव में स्थित ग्रामीण पेयजल योजना का भ्रमण कराया गया। यहां बच्चों को पानी टंकी और पम्प हाउस दिखाया गया। कैसे ग्रामीणों को पानी सप्लाई की जा रही है इसकी प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
स्कूली बच्चों ने उत्सुकता से भरे कई सवाल किये जिसके जवाब अधिकारियों ने दिये।
इसके बाद उनको जल निगम (ग्रामीण) लैब में ले जाया गया जहां स्कूली बच्चों को जल जांच का परीक्षण दिखाया गया। उनको जल जांच की उपयोगिता बताई गई।
स्कूली बच्चों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।






