अपर मुख्य सचिव ने किया सदर तहसील का निरीक्षण दिए आवश्यक निर्देश
देवरिया अपर मुख्य सचिव राजस्व विभाग सुधीर गर्ग ने आज सायं सदर तहसील का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने समीक्षा बैठक भी की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप राजस्व वादों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारित किया जाए।
धारा 24, 34, 67, 80 और 120 से जुड़े प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए।
तहसीलों में प्राइवेट व्यक्ति किसी भी दशा में कार्य करता नहीं मिलना चाहिए। जिन तहसीलों में लेखपाल की कमी हो वहां चकबन्दी लेखपाल की तैनाती की जाए।अपर मुख्य सचिव ने कहा कि ठंड के मौसम में रैनबसेरों में समुचित प्रबंध सुनिश्चित किये जायें।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को कंबल वितरण करना प्राथमिकता का कार्य है। यदि कोई व्यक्ति रात को खुले आसमान के नीचे सोता मिले तो उसे रैनबसेरा पहुंचाया जाए।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय ने एसीएस को अवगत कराया कि सभी तहसीलों में प्रमुख स्थानों पर रैन बसेरे की स्थापना कर दी गई है।
अब तक 3,365 कंबलों का वितरण सभी तहसीलों में किया जा चुका है।
एसीएस ने आय जाति एवं निवास प्रमाणपत्र को शासन द्वारा निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कृषक दुघटना बीमा योजना दैवीय आपदा घरौनी इत्यादि की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने अपर मुख्य सचिव को उनके द्वारा दिये गए निर्देशों के अनुपालन के लिए आश्वस्त किया।
इसके पश्चात अपर मुख्य सचिव ने तहसील का भ्रमण कर तहसीलदार न्यायालय आईजीआरएस पटल खतौनी कक्ष सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, एसडीएम मंजूर अहमद अंसारी, एसडीएम सदर (न्यायिक) सीमा पांडेय, तहसीलदार कृष्ण कुमार मिश्रा सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।






