वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया चिरगांव थाने का वार्षिक निरीक्षण, थाना प्रभारी की सराहना
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/डीआईजी सुधा सिंह ने चिरगांव थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, बंदीगृह, शस्त्र गृह सहित थाने की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही, आरक्षी बिल्डिंग का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य से संबंधित ठेकेदार से बातचीत कर जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी/डीआईजी सुधा सिंह ने थाना प्रांगण में स्थित कल्याणश्वर मंदिर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक व आरती की। इसके बाद उन्होंने मंदिर का विधिवत लोकार्पण भी किया।
गौरतलब है कि चिरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडे के प्रयासों से थाने का सौंदर्यीकरण किया गया है। इसमें तीन वाटर कूलर, सीलिंग फैन, सीमेंट की कुर्सियां, अपेक्स और मंदिर का जीर्णोद्धार शामिल है। मंदिर में देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित कर विधिवत प्राण प्रतिष्ठा करवाई गई थी, जिसका लोकार्पण आज एसएसपी/डीआईजी सुधा सिंह ने किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी/डीआईजी ने थाना परिसर की स्वच्छता और समुचित व्यवस्था की प्रशंसा की। उन्होंने लेखा-जोखा सही पाए जाने और पूरे थाना परिसर को सुव्यवस्थित देखने के बाद थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे की कार्यशैली की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था अन्य थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत होनी चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




