जालौन-उरई रोड पर आवारा गोवंश बना हादसे की वजह, दो गाड़ियों में टक्कर के बाद खेत में पलटा डंपर
■ भिटारा के आगे पेट्रोल टैंक के पास हुआ हादसा, डंपर चालक बाल-बाल बचा
जालौन। जालौन-उरई रोड पर भिटारा के आगे पेट्रोल टैंक के पास सड़क पर अचानक गाय आ जाने से दो गाड़ियों की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में डंपर चालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर संख्या UP-83 CT-6041 को चालक विवेक शर्मा निवासी फिरोजाबाद उरई से बालू लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक गाय आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और दूसरी गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद डंपर सड़क किनारे खेत में जा पलटा। बताया जा रहा है कि दूसरी गाड़ी का चालक अपना वाहन लेकर मौके से चला गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में डंपर चालक विवेक शर्मा को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उनकी जान बच गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क पर घूमने वाले आवारा गोवंश को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
आवारा गोवंश से हादसों पर कब लगेगी लगाम?
सड़कों पर खुलेआम घूम रहे गोवंश वाहन चालकों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। अचानक सड़क पर पशु आ जाने से वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में संबंधित विभागों और प्रशासन से अपेक्षा है कि सड़क पर घूम रहे आवारा गोवंश की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Focus News 24×7 | जालौन





