Spread the love

राष्ट्रीय कवि मैथिलीशरण इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्ट अनुराग तिवारी पत्रकार

चिरगांव झांसी मिशन शक्ति 5 के अंतर्गत आज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर रोड स्थित राष्ट्रीय कवि मैथिलीशरण इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक आनंद कुमार और महिला उपनिरीक्षक भारती तोमर ने छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी आपात स्थिति में सही निर्णय लेने के लिए प्रशिक्षित करना था। उपनिरीक्षकों ने “मिशन शक्ति” के तहत छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अपराध की स्थिति में वे बिना झिझक 1090, 112 या 181 जैसी महिला हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकती हैं।

महिला उपनिरीक्षक भारती तोमर ने छात्राओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर सतर्कता तथा आत्मरक्षा के सरल उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने कहा कि “बालिकाएं किसी से भी कमजोर नहीं हैं। आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और आत्मबल देने की है।”

छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं को अधिकारियों से साझा किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

Share.