नैतिक मूल्यों और नए कानूनों की दी गई जानकारी, छात्रों को बनाया जागरूक
रिपोर्ट: अनुराग तिवारी, पत्रकार
झांसी जिले के कस्बा चिरगांव में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और नए कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ उप निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया।
उन्होंने बच्चों को नए कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि एक जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनने के लिए नैतिक मूल्यों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवा की भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता समझाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक ने छात्रों से संवाद करते हुए उनकी रुचि के क्षेत्रों के बारे में भी जानकारी ली और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच से हर छात्र अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में प्रद्युम्न दीवान, आशीष, मनीष पाल, रितेश सबिता, रूपेश दांगी, पीयूष दांगी, अंकित वर्मा एवं मनीष कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में कानून के प्रति जागरूकता और नैतिक मूल्यों की भावना विकसित करना रहा, जिससे वे समाज के आदर्श नागरिक बन सकें।





