माटीकला कारीगरों को 25% अनुदान का लाभ, जागरूकता कार्यक्रम में 45 विद्युत चालित चाक वितरित
*देवरिया, गांधी आश्रम, देवरिया में मंगलवार को उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित माटीकला टूलकिट्स वितरण योजना के अंतर्गत माटीकला उद्योग से जुड़े कारीगरों को उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में कुल 45 विद्युत चालित चाक तथा एक पगमिल मशीन माटीकला के कारीगरों को निःशुल्क प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय लक्ष्मी गौतम राज्यमंत्री, ग्राम्य विकास विभाग ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माटीकला से जुड़े कारीगरों को उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री माटीकला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पूंजीगत ऋण पर 25 प्रतिशत मार्जिन मनी (अनुदान) राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है। उन्होंने उपस्थित उद्यमियों और कारीगरों से अपील की कि वे माटीकला बोर्ड एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर अपना उद्योग स्थापित करें और स्वावलंबी बनें।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अजीत कुमार सिंह (जिला पंचायत सदस्य) ने भी उपस्थित महिलाओं एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी देवरिया वीरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत अधिकतम 10 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट का वित्तपोषण बैंकों के माध्यम से कराया जाता है, जिसमें लाभार्थी का 5 प्रतिशत अंशदान तथा शेष 95 प्रतिशत बैंक ऋण के रूप में अनुमन्य होता है।
कार्यक्रम में गांधी आश्रम देवरिया के मंत्री मनोज कुमार तिवारी ने भी लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रेमनारायण राय (प्रबंधक, गांधी आश्रम), योगेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी, कौशल कुमार मिश्र, अजय उपाध्याय (जनप्रतिनिधि, भाजपा), बालेश्वर प्रसाद सिंह, अजहरुद्दीन अंसारी, राहुल गुप्ता, रजनीश मिश्रा, दिनेश गोड़ सहित मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





