State Bank of India शाखा में लगी आग, सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना
रिपोर्ट: अनुराग तिवारी, पत्रकार
चिरगांव। कस्बे की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में रविवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि मुख्य प्रबंधक संकुल सराफ और बैंक स्टाफ की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण बैंक बंद थी। शाम के समय उपकरण से मिले संकेत के आधार पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य प्रबंधक संकुल सराफ तत्काल शाखा पहुंचे और स्टाफ के साथ मिलकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
मुख्य प्रबंधक ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा नुकसान भी टल गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।
समय पर की गई सतर्कता और प्रशासन की मुस्तैदी से संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।





