होली को लेकर जिला पुलिस का विशेष अभियान, पैदल मार्च कर दिया शांति का संदेश
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी
आल इण्डिया पत्रकार एकता संघ
उरई (जालौन)। होली का त्यौहार सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद जालौन में जिला पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डा दुर्गेश कुमार के निर्देशन में पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।
जिला मुख्यालय उरई में स्वयं पुलिस अधीक्षक डा दुर्गेश कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी सिटी राजीव कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हरी शंकर चंद एवं अन्य पुलिस बल के साथ प्रमुख मार्गों और बाजारों में पैदल मार्च किया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
वहीं कालपी क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने प्रभारी निरीक्षक अजयब्रह्म तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ कस्बे में भ्रमण कर लोगों को आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने का संदेश दिया।
कोच क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने कोतवाली परिसर में डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि तय मानकों के विपरीत डीजे बजाए गए तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सहित अन्य पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
जिला पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में विश्वास का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सभी से अपील की है कि त्यौहार को प्रेम, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





