त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट: भाईचारे और शांति का दिया संदेश
मोठ (समथर) मोठ तहसील के थाना समथर प्रांगण में आज उप जिला अधिकारी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में उप जिला अधिकारी ने कहा कि सभी समुदाय अपने-अपने त्योहारों को आपसी भाईचारे और परंपराओं के अनुरूप मनाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी नई परंपरा लागू न की जाए और पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं का ही पालन किया जाए। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने की अपील की गई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने यह भी बताया कि वे स्वयं क्षेत्र में भ्रमण करेंगे और प्रशासनिक टीम लगातार निगरानी रखेगी।
बैठक में नगर की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समथर सहित पुलिस बल, कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जयपाल गुर्जर
जिला अध्यक्ष, ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ (मोठ)






