टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी जरूरी: जिलाधिकारी दिव्या मित्तल

विश्व टीबी दिवस से पूर्व निकाली गई जन-जागरूकता रैली

देवरिया,  विश्व टीबी दिवस से पूर्व सोमवार को जनपद देवरिया में टीबी उन्मूलन को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में टीबी के बैक्टीरिया और “टीबी चैम्पियन” के प्रतीकात्मक पुतले आकर्षण का केंद्र रहे। यह रैली कोतवाली रोड, जिलाधिकारी आवास, सिविल लाइन रोड, बस स्टैंड और सीएमओ कार्यालय होते हुए टीबी क्लिनिक पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से “जन-जन का हो एक ही नारा, टीबी मुक्त हो देश हमारा” का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि क्षयरोग (टीबी) के उन्मूलन में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पहले की तुलना में मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। यदि आमजन सहयोग करें तो इस बीमारी को समय से पहले समाप्त किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकार टीबी उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयासरत है और स्वास्थ्य विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाकर मरीजों की खोज व उपचार सुनिश्चित कर रहा है। 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त घोषित 192 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। सीएचओ के माध्यम से लक्षण वाले मरीजों की स्क्रीनिंग कर बलगम जांच के लिए भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी पाण्डेय, डॉ विपिन रंजन, प्रधानाचार्य राम किंकर मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, सहयोगी संस्थाएं और विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
टीबी (क्षयरोग) के प्रमुख लक्षण
लगातार 2 सप्ताह से अधिक खांसी
खांसी के साथ खून आना
छाती में दर्द व सांस फूलना
वजन कम होना व अत्यधिक थकान
शाम को बुखार व ठंड लगना
रात में पसीना आना

Share.