श्रीराम नवमी पर कोच में निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय माहौल में गूंजे जय श्रीराम के उद्घोष
कोच (जालौन)। श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर नगर कोच में श्रीराम शोभायात्रा एवं जवारे समिति के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और विभिन्न हिन्दू संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
शोभायात्रा का शुभारंभ भगवान भूतेश्वर महाराज मंदिर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों—नई स्टेट बैंक, लवली चौराहा, नगर पालिका और सागर चौकी से होते हुए श्रीरामलला मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के उद्घोष, भजनों की धुन और युवाओं के उत्साहपूर्ण नृत्य ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
यात्रा के दौरान युवाओं द्वारा भगवा ध्वज लहराते हुए प्रभु श्रीराम के प्रति गहरी आस्था और समर्पण का प्रदर्शन किया गया। शोभायात्रा में विशेष आकर्षण उन महापुरुषों के चित्र रहे, जिन्होंने श्रीराम काज के लिए अपना बलिदान दिया।
इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचन्द निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, जिला मंत्री बाबूराम पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही नव-निर्वाचित सभासदों व समाजसेवियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
शोभायात्रा का संचालन आचार्य सागर बौहरे (कथावाचक) द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
👉 कुल मिलाकर, श्रीराम नवमी के इस आयोजन ने नगर में भक्ति, उत्साह और एकता का अद्भुत संदेश दिया।
✍️ रिपोर्ट: ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ





