ट्रांसफार्मर जलने से विद्युत आपूर्ति ठप, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल
■ 11000 वोल्ट करंट घरों में उतरने से उपकरण फुंके, बिजली-पानी संकट से जनता बेहाल
■ तीन ट्रांसफार्मर फुंकने से अंधेरे में डूबा साकिन, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मोठ (झांसी)। संवाददाता – जहूर अहमद खान
मोठ विकासखंड की ग्राम पंचायत साकिन के पठानी मोहल्ले में लगातार तीन 10 केवीए के ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली और जलापूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते 11000 वोल्ट का करंट घरों तक पहुंच गया, जिससे कई घरों में लगे कूलर, पंखे, टीवी और अन्य विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से उठी आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
बिजली आपूर्ति बंद होने से क्षेत्र में पेयजल संकट भी गहरा गया है। लोग दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी भरने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार फोन करने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं संविदा कर्मियों ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की भारी मांग होने के कारण नया ट्रांसफार्मर तत्काल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तीन दिनों के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है ताकि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।




