Spread the love

लंबित मानदेय को लेकर समुदाय स्वास्थ्य अधिकारियों का कार्य बहिष्कार, सीएमओ कार्यालय पर धरना

झांसी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत समुदाय स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को ऑफलाइन कार्य का बहिष्कार करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
सीएचओ कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले तीन माह से उनका मानदेय लंबित है। इसके अलावा पिछले सत्र एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष के परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव (पीबीआई), यात्रा भत्ता (टीए), कम्युनिकेशन कॉस्ट, वेलनेस एक्टिविटी तथा उपकेंद्रों की सफाई मद का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन समय पर भुगतान न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारी सीएचओ ने मांग की कि तीन माह का लंबित मानदेय तत्काल जारी किया जाए तथा पीबीआई, टीए, कम्युनिकेशन कॉस्ट, वेलनेस एक्टिविटी और उपकेंद्र सफाई मद के सभी बकाया भुगतान जल्द से जल्द किए जाएं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समुदाय स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।

Share.