उदयपुर में 19 जून को रोजगार प्रोत्साहन कार्यक्रम, 127 संस्थानों और 1141 कार्मिकों को मिलेगा लाभ
उदयपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर द्वारा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत 19 जून 2026 को चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री सभागार में राष्ट्रव्यापी लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से होने वाले राष्ट्रीय आयोजन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के लाभार्थियों को संबोधित करेंगे।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रशान्त कुमार सिन्हा ने प्रेसवार्ता में बताया कि उदयपुर संभाग के 127 संस्थानों को लगभग 99 लाख रुपए का प्रोत्साहन (इंसेंटिव) दिया जाएगा। वहीं पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले 1141 कार्मिकों को करीब 50 लाख रुपए की सहायता राशि जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत चयनित संस्थानों को 2 वर्ष तक लाभ दिया जाएगा, जबकि निर्माण क्षेत्र की इकाइयों को 4 वर्ष तक योजना का लाभ मिल सकेगा। इसका उद्देश्य रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और सामाजिक सुरक्षा दायरे को मजबूत करना है।
उदयपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक फूलसिंह मीणा और ताराचंद जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि, प्रतिष्ठान संचालक, श्रमिक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं लाभार्थी भाग लेंगे।





